
स्वतंत्रता दिवस पर बोले जनप्रतिनिधि व अधिकारी- कर्तव्यनिष्ठा से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना
संतकबीरनगर। जनपद में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। प्रभारी मंत्री ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ भी दिलाई।
ध्वजारोहण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी में प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी वीर क्रांतिकारियों और अमर शहीदों के त्याग, बलिदान एवं संघर्ष का परिणाम है। आजादी और देश की अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर पूरी निष्ठा, मेहनत और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि यही अमर शहीदों और स्वतंत्रता आंदोलन के महानायकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि भारत संस्कार और रिश्तों की भूमि है। निःस्वार्थ भाव, निष्ठा एवं ईमानदारी से आगे बढ़कर शिक्षित, संस्कारवान और धैर्यवान समाज का निर्माण करना होगा। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को देशहित में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने अधिकारियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की अपेक्षा की।
खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल झंडारोहण कर खुशियां मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों और वीरांगनाओं के बलिदान को याद करने का अवसर भी है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि देश को विश्वगुरु बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को बिना भेदभाव ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
मेंहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि अनगिनत वीर बलिदानियों की शहादत के बाद देश को आजादी मिली। जाति-पाति और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने महात्मा गांधी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश है तो हम हैं, इस भावना को हर नागरिक को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने प्रभारी मंत्री एवं विधायकगण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिन आदर्शों की हम बात करते हैं, उन्हें सबसे पहले अपने व्यवहार में उतारना ही देश और समाज के प्रति सच्ची सेवा है। एक लोकसेवक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में ईमानदारी, लगन एवं उत्साह से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना ही देशभक्ति है। उन्होंने अधिकारियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री, विधायकगण एवं जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा अमर शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र एवं मिष्ठान भेंटकर सम्मानित किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाषण, देशभक्ति गीत एवं अन्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
परेड और मार्च पास्ट ने बढ़ाया उत्साह
एनसीसी, स्काउट-गाइड एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बैंड बाजे के साथ परेड और मार्च पास्ट किया। विभिन्न विभागों की झांकियां भी निकाली गईं। पुरानी तहसील खलीलाबाद गेट पर प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने परेड की सलामी ली और कार्यक्रम की सराहना की।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रकाश तथा अपर जिलाधिकारी न्यायिक चंद्रेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी हरिकेश यादव, जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रभात द्विवेदी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, एसडीएम खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुजीत कुमार, जिला कृषि अधिकारी डा. सर्वेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार सहित अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



More Stories
भारत माता के जयघोष के बीच एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में लहराया तिरंगा
बीडीओ कुलदीप कुमार की मौजूदगी में ब्लॉक प्रमुख रामवृक्ष यादव ने किया ध्वजारोहण, शहीद स्थली पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद के मान्यवर कांशीराम स्पोर्टस् स्टेडियम में विशाल जनसभा को किया संबोधित, श्रावण मास की शिवरात्रि की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए जनपदवासियों के सुख, समृद्धि हेतु विकास के हर क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता का दिया आश्वासन।