
कृषि विज्ञान केंद्र का भी लिया जायजा, आधुनिक तकनीक से तैयार रोगमुक्त पौधों के प्रचार-प्रसार पर दिया जोर
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को विकासखंड पौली के ग्राम सभा बगही स्थित कृषि विज्ञान केंद्र एवं उद्यान विभाग की हाईटेक नर्सरी का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित कृषि एवं उद्यान संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों से किसानों के हित में संचालित योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर का भ्रमण कर वैज्ञानिकों से उनके द्वारा किए जा रहे अनुसंधान एवं कृषि विस्तार कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र पर लगाए गए बाजरे के ट्रायल प्लॉट का भी निरीक्षण किया और किसानों के लिए उपयोगी तकनीकों को बढ़ावा देने पर बल दिया।
इसके बाद डीएम ने उद्यान विभाग द्वारा स्थापित हाईटेक नर्सरी का निरीक्षण किया। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024 में 1.09 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस नर्सरी में वर्तमान समय में लगभग 60 हजार गोभी, मिर्च एवं शिमला मिर्च के पौधे तैयार हैं। नर्सरी का संचालन पौली वेजिटेबल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में यहां 6.05 लाख पौधों का उत्पादन किया गया, जिनका लाभ लगभग 180 किसानों को मिला।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि हाईटेक नर्सरी के माध्यम से किसानों को रोगमुक्त, कीटमुक्त, स्वस्थ एवं बेमौसमी सब्जियों के पौधे उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे फसल उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि होती है।
जिलाधिकारी ने हाईटेक नर्सरी की उपयोगिता को देखते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक किसानों को इस सुविधा से जोड़कर आधुनिक खेती के लाभों से अवगत कराया जाए, ताकि जिले में उन्नत कृषि को बढ़ावा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. सी.पी.एन. गौतम, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



More Stories
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की तैयारी, अनुपूरक बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान !
छात्रवृत्ति वितरण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, एनपीसीआई मैपिंग व आधार सीडिंग समय से पूरी कराएं: सीडीओ
सीएचसी नाथनगर का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, ऑपरेशन थिएटर में गंदगी पर जताई नाराजगी