
साफ-सफाई में लापरवाही पर संबंधित स्टाफ नर्सों का वेतन रोकने के निर्देश, खराब लैब मशीनें जल्द दुरुस्त कराने का आदेश

संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नाथनगर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर मरीजों एवं तीमारदारों से स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थिएटर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने समस्त स्टाफ नर्सों को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए संबंधित कर्मियों का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।
अस्पताल की लैब का निरीक्षण करने पर सीबीसी एवं सलेक्ट्रा मशीन पिछले लगभग 15 दिनों से खराब मिली। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मशीनों की तत्काल मरम्मत कराकर जांच सेवाएं सुचारु करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने पीएनसी, एनबीएसयू, ईटीसी एवं इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। यहां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिया कि अस्पताल में उपलब्ध न होने वाली दवाइयां जन औषधि केंद्र से ही लिखी जाएं, जिससे मरीजों को कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में लैब तक आने-जाने के मार्ग पर इंटरलॉकिंग कराने के लिए खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया। साथ ही मरीजों के उपयोग हेतु शौचालयों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि शौचालय मरम्मत का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
निरीक्षण के समय चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्वेतांक सिंह, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. लोकेश त्रिपाठी, आयुष चिकित्सक डॉ. निधि गुप्ता, चीफ फार्मासिस्ट डॉ. तृषा यादव, एक्स-रे टेक्नीशियन आशीष मिश्रा, एक्स-रे टेक्नीशियन मनोज चौधरी, लैब टेक्नीशियन अखिलेश्वर श्रीवास्तव, रामविलास सहित अस्पताल के समस्त चिकित्सक, स्टाफ नर्स एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



More Stories
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की तैयारी, अनुपूरक बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान !
छात्रवृत्ति वितरण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, एनपीसीआई मैपिंग व आधार सीडिंग समय से पूरी कराएं: सीडीओ
बगही की हाईटेक नर्सरी का डीएम ने किया निरीक्षण, किसानों तक अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश