Saaf Sandesh News

Hindi News, हिन्दी न्यूज़, Latest News In Hindi, Breaking News,Saaf Sandesh,Saaf Sanesh News, Headlines Today (हिंदी समाचार)

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, संतकबीरनगर में 30 शिक्षकों को मिले प्रतीकात्मक कार्ड

Spread the love

 

प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ कार्यक्रम, मुख्यमंत्री का संबोधन हुआ लाइव प्रसारित

संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया तथा प्रदेश के 7.5 लाख से अधिक शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पंजाब नेशनल बैंक के साथ एमओयू का भी हस्तांतरण किया।

जनपद संतकबीरनगर में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, विधायक अंकुर राज तिवारी, अनिल कुमार त्रिपाठी, गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षण कार्मिक एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने जनपद के 30 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत भी किया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में उनकी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में शिक्षकों का योगदान निर्णायक रहेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और स्ववित्तपोषित संस्थानों सहित लगभग 10 लाख शिक्षक एवं उनके आश्रित स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में आएंगे। साथ ही पंजाब नेशनल बैंक के साथ हुए एमओयू के माध्यम से दुर्घटना जैसी परिस्थितियों में शिक्षकों को 1.5 करोड़ से 3 करोड़ रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय को शिक्षकों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ शिक्षकों के हितों की भी लगातार चिंता कर रही है।

विधायक अंकुर राज तिवारी, अनिल कुमार त्रिपाठी एवं गणेश चंद्र चौहान ने भी योजना का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि सरकार शिक्षा एवं शिक्षक कल्याण के लिए लगातार प्रभावी निर्णय ले रही है।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना और सामाजिक सुरक्षा संबंधी पहल से शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. रोहित कुमार राय ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. जयप्रकाश सिंह, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, उपायुक्त स्वतः रोजगार प्रवीण कुमार शुक्ला, प्रो. बृजेश कुमार त्रिपाठी, डॉ. मो. शमीम, प्रो. आसाराम, डॉ. संतोष कुमार चंद, डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. आनंद कुमार पांडेय, डॉ. प्रेमचंद, श्रवण कुमार कुशवाहा, नीलम श्रीवास्तव, सुनीता सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षण कार्मिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

[horizontal_news]
Right Menu Icon