
संतकबीरनगर। जिले की धनघटा तहसील में बुधवार को एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चकबंदी लेखपाल अभय सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और राजस्व विभाग के कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार धनघटा तहसील क्षेत्र के ग्राम जिगिना निवासी काश्तकार कन्हैया लाल पुत्र किशन देव ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि चकबंदी लेखपाल अभय सिंह उनके कार्य के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
बुधवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय योजना के अनुसार आरोपी लेखपाल को 10 हजार रुपये दिए, पहले से घात लगाए बैठी एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद टीम आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ एवं अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई।
इस कार्रवाई के बाद धनघटा तहसील परिसर में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई को लेकर पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
आरोपी लेखपाल को महुली थाने लाया गया। जहां पुलिस ने 9(A)2 CH एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि एंटी करप्शन टीम के ट्रैप टीम प्रभारी की तहरीर पर आरोपी लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके हिरासत में लिया गया है।



More Stories
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा, पनीर और तिल के तेल के नमूने लिए
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) हेतु दो चरणों में फील्ड ट्रेनर्स का 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न।
डीएम व एसपी द्वारा समाधान दिवस पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पहुंचकर सुनी गयी जनता की समस्याएं, सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश