
कड़े मुकाबले में अध्यक्ष पद पर 10 मतों से जीत, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर आनंद यादव ने 86 वोटों से मारी बाजी

संतकबीरनगर। सिविल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद पर महिप बहादुर पाल ने जीत दर्ज की, जबकि महामंत्री पद पर सुरेंद्र कुमार द्विवेदी निर्वाचित हुए। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर आनंद यादव ने शानदार जीत हासिल की। मतदान को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह रहा। कुल 452 मतदाताओं में से 402 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
महिप बहादुर पाल ने 10 मतों से दर्ज की जीत
अध्यक्ष पद के लिए हुए कांटे के मुकाबले में महिप बहादुर पाल को 205 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कृष्ण चंद्र पांडेय को 195 मत प्राप्त हुए। दो मत अवैध घोषित किए गए। इस तरह महिप बहादुर पाल ने 10 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
सुरेंद्र द्विवेदी 61 मतों से जीते
महामंत्री पद पर सुरेंद्र कुमार द्विवेदी ने 186 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी अखिलेश्वर राय को 125 और अजय सिंह को 88 मत मिले। सुरेंद्र द्विवेदी ने अखिलेश्वर राय को 61 मतों से हराया। इस पद पर तीन मत अवैध घोषित किए गए।
आनंद यादव को मिली शानदार जीत
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर आनंद यादव ने 243 मत प्राप्त कर मोहम्मद शाहिद को 86 मतों से पराजित किया। मोहम्मद शाहिद को 157 मत मिले।
मतदान सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक चला। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए। जीत की घोषणा होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और उनसे अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा तथा बार एसोसिएशन को मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।



More Stories
सी.पी. भट्ट बने अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) के राष्ट्रीय सचिव!
गोरखपुर – भाजपा नेता की धर्मपत्नी समाजसेवी पूर्णिमा सिंह के जन्मदिवस पर लगा बधाइयों का तांता!
केन्या की डॉ. परविंदर नागी की पुस्तक में गूंजेगा संत सौरभ का वैश्विक सद्भाव संदेश