
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के समस्त गो-आश्रय स्थलों एवं संरक्षित गोवंशों की सुविधाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में गोवंशों के लिए भूसा, चारा, दाना, स्वच्छ पेयजल, टीन शेड, बाउंड्रीवाल, हरा चारा तथा चिकित्सा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसके तिवारी को तीन दिन के भीतर सभी गो-आश्रय स्थलों पर सीसीटीवी व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को बरसात के मौसम को देखते हुए वृहद गो-संरक्षण केंद्रों तथा अस्थाई और स्थाई गो-आश्रय स्थलों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए।
डीएम ने अस्थाई गो-आश्रय स्थल मोहद्दीनपुर में संरक्षित गोवंशों को शीघ्र कान्हा गौशाला कुरमौल में स्थानांतरित करने को कहा। साथ ही जनपद की सभी गो-शालाओं में संरक्षित गोवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित खंड विकास अधिकारियों एवं पशु चिकित्सा अधिकारियों को दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित गो-आश्रय स्थलों के निरीक्षण एवं सत्यापन के लिए नामित जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।



More Stories
खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा, पनीर और तिल के तेल के नमूने लिए
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) हेतु दो चरणों में फील्ड ट्रेनर्स का 06 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ संपन्न।
डीएम व एसपी द्वारा समाधान दिवस पर थाना कोतवाली खलीलाबाद पर पहुंचकर सुनी गयी जनता की समस्याएं, सम्बन्धित को दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश